Mauganj News: तीन साल से फरार बदमाश धराया, दो मंजिला घर से छलांग लगाकर भागने में था माहिर
मऊगंज पुलिस की बड़ी कार्यवाही, तीन थानों की पुलिस कर रही थी तलाश
मऊगंज। पुलिस ने एक शातिर बदमाश को पकड़ने में सफलता हासिल की है। आरोपी रमेश उर्फ मझिला केवट पिता मदनलाल केवट 26 साल निवासी वार्ड क्र. 2 चाक मोड़ मऊगंज आदतन अपराधी है। चोरी, लूट के साथ वर्तमान में वह नशीली सिरप की तस्करी करता था। उस पर बीस हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। बीती रात पुलिस केा मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी मोटर साइकिल से आ रहा था।
आनन-फानन में मऊगंज पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए घेराबंदी की और जाल बिछाया। आरोपी पहुंचा तो पुलिस ने इस बार उसको भागने का मौका नहीं दिया। आरोपी को पकड़ने के उपरांत पुलिस ने उसकी तलाशी ली तो उसके पास से 70 शीशी नशीली सिरप भी जब्त हुई जिसको वह बिक्री हेतु लेकर आ रहा था।
बताया गया है कि आरोपी के विरुद्ध दो दर्जन से ज्यादा आपराधिक प्रकरण कायम है। वह इतना शातिर है कि दो मंजिला मकान से भी कूदकर आसानी से भाग जाता है और बिना सीढ़ी के वह मकान में चढ़ भी जाता है। उसकी एनडीपीएस के मामले में पुलिस को तलाश थी लेकिन वह भागने में कामयाब हो गया था।
नईगढ़ी, हनुमना और शाहपुर थाने की पुलिस भी उसको ढूंढ रही थी। कुछ महीने पहले शाहपुर में पचास लाख रुपए की चोरी हुई थी जिसमें भी आरोपी की सरगर्मी से तलाश चल रही थी। आरोपी के पकड़े जाने से कई मामलों का खुलासा होने की उम्मीद जताई जा रही है।
इनका कहना है-
एक शातिर बदमाश को पकड़ा गया है जिसकी कई थानों की पुलिस तलाश कर रही थी। बीती रात मुखबिर की सूचना पर उसे दबोच लिया गया। आरोपी के पास से नशीली सिरप भी जब्त की गई है। उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण कायम किया गया है। दूसरे थानों की पुलिस भी आरोपी को रिमांड में लेगी।
-रीतिका सिंह, टीआई मऊगंज