Mauganj News: मऊगंज में प्रेमी युगल जलप्रपात में गिरे, लड़की की मौत

नईगढ़ी पुलिस ने युवक को अस्पताल में कराया दाखिल

 

मऊगंज। प्रेमी युगल जलप्रपात में गिर गए। विकास साकेत पिता नंद कुमार साकेत 24 साल व मालती साकेत पिता विष्णु साकेत 18 वर्ष निवासी शाहपुर बीती शाम देवलहा जलप्रपात थाना नईगढ़ी आए थे। शाम को वे जलप्रपात से नीचे गिर गए। युवती काफी गहराई में गिरी थी जिसकी वजह से उसकी मौत हेा गई जबकि युवक जख्मी था। शाम को उसके चिल्लाने की आवाज आसपास के लोगों ने सुनकर पुलिस को सूचना दी जिस पर तुरंत पुलिस स्पाट पहुंच गई। पुलिस ने जख्मी युवक को तुरंत बाहर निकाला और आनन-फानन में उपचार हेतु अस्पताल भिजवा दिया। 


बताया गया है कि युवती की लाश गहराई में पड़ी थी। टार्च की रोशनी के सहारे पुलिस किसी तरह रात में ही लाश को ऊपर लेकर आई और उसे चीर घर में रखवा दिया। दोनों का प्रेम प्रसंग चलता था और वे बीती शाम देवलहा प्रपात में घूमने आए थे तभी वे प्रपात से नीचे गिर गए। वे केसे गिरे थे इस बारे में पुलिस के पास अभी संतोषजनक जवाब नहीं है। पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना को जांच में लिया है।


लड़की के घर वालों ने लगाया हत्या का आरोप
उधर लड़की के घर वालों ने भी हत्या का सनसनीखेज आरोप लगाया है। घर वालों ने बताया कि लड़की की शादी तय हेा गई थी और फरवरी माह की लगन थी। आरोपी  उस पर शादी करने का दबाव डाल रहा था। वह हमारी लड़की को बहला फुसलाकर देवलहा प्रपात ले गया और वहां से नीचे धक्का दे दिया जिसकी वजह से उसकी मौत हो गई। वह लड़की को शादी तोड़ने के लिए बोल रहा था।


इनका कहना है -
बीती शाम लड़का और लड़की देवलहा प्रपात में गिर गए थे जिसमें लड़की की मौत हो गई है। लड़का जख्मी था जिसको बाहर निकालकर उपचार हेतु अस्पताल भिजवाया गया है। मर्ग कायम कर घटना को जांच में लिया गया है। वे कैसे गिरे थे इस बारे में पता लगाया जा रहा है।
- अनिल कांकड़े टीआई नईगढ़ी