Shrikaranpur Seat Election: भाजपा के नए नवेले मंत्री हारे विधानसभा चुनाव, जीत से पहले ही बन गए थे मिनिस्टर 

करणपुर विधानसभा सीट पर मंत्री टीटी को कांग्रेस के रुपिंदर सिंह कुन्नर ने 11261 वोटों से हराया

 

राजस्थान के गंगानगर जिले के श्रीकरणपुर सीट में दिलचस्प मामला सामने आया। जहां भाजपा प्रत्याशी और भजनलाल सरकार के मंत्री सुरेंद्र पाल सिंह टीटी चुनाव हार गए। दरअसल चुनाव से पहले ही सुरेंद्र पाल सिंह टीटी को राज्यमंत्री बनाया गया था। बता दें कि बीते दिनों राजस्थान की दो सौ विधानसभा सीटों में से १९९ सीटों में चुनाव हुए थे। लेकिन एक सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी के निधन हो जाने से मतदान स्थगित कर दिया गया था। जिसके बाद उस श्रीकरणपुर सीट में आज मतगणना हुई।

श्रीकरणपुर सीट से कांग्रेस के रुपिंदर सिंह कुन्नर ने राज्यमंत्री सुरेंद्र पाल सिंह टीटी को 11261 वोटों से  हराया। कुन्नर को 94761 और टीटी को 83500 वोट मिले। टीटी पहले दो राउंड में आगे थे, लेकिन तीसरे राउंड से लगातार पीछे होते चले गए थे।


 
 इधर, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने रुपिंदर सिंह कुन्नर को जीत की बधाई दे दी है। राजस्थान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि हार के कारणों की समीक्षा करेंगे। उल्लेखनीय है कि सुरेंद्र पाल सिंह टीटी को विधायक बनने से पहले ही भाजपा ने सरकार में राज्य मंत्री बना दिया था। कांग्रेस ने इसका काफी विरोध किया था और चुनाव आयोग को शिकायत भी की थी। चुनाव जीतने से पहले ही भाजपा प्रत्याशी सुरेंद्रपाल सिंह टीटी को भजनलाल सरकार में मंत्री बनाने से ये सीट चर्चा में बनी हुई थी। 

इससे पहले राजस्थान में 200 में से 199 विधानसभा सीटों पर 25 नवंबर को मतदान हुआ था और 3 दिसंबर को परिणाम जारी हुआ था। भाजपा को 115 ,कांग्रेस 69 सीट, बाप को 3, बीएसपी को 2, आरएलडी को 1, आरएलपी को 1 और 8 सीटों पर निर्दलीय जीते थे।