MP News: मध्यप्रदेश में सामूहिक गीता पाठ से गूंजा आकाश, भोपाल में 7 हजार लोगों ने एक साथ किया गीता पाठ

बना गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड, गीता पाठ से जनकल्याण के कार्यों की हुई शुरुआत

 
सीएम ने 1.29 करोड़ लाड़ली बहनों के खाते में भेजी पंद्रह सौ करोड़ से अधिक की राशि, गरीब, युवा, किसान और महिलाओं पर केंद्रित महा अभियान आज से हुआ शुरू

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के एक वर्ष का कार्यकाल 13 दिसंबर का पूरा हो रहा है। एक वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के उपलक्ष्य में प्रदेश सरकार ने आज से जनकल्याण पर्व की शुरुआत की है। जन कल्याण पर्व 26 दिसंबर तक चलेगा। आज से 26 जनवरी तक चलाए जाने वाले जन कल्याण अभियान का शुभारंभ भी किया गया।

 


आज गीता जयंती के अवसर पर राजधानी भोपाल के लाल परेड मैदान में 7 हजार से अधिक पुरोहितों, पंडितों, महिलाओं और युवाओं ने एक साथ गीता पाठ कर विश्व रिकॉर्ड बनाया है। गीता जयंती पर आयोजित इस गीता पाठ को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया है। 

 


मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चार जातियों यानी गरीब, युवा, किसान और महिलाओं पर केंद्रित जनकल्याण पर्व और जनकल्याण अभियान का शुभारंभ करने के साथ 1.29 करोड़ लाड़ली बहनों के खातों में डेढ़ हजार करोड़ से अधिक की राशि सिंगल क्लिक के जरिए भेजी है।


हितग्राहियों को केंद्र-राज्य की 45 योजनाओं का मिलेगा फायदा
प्रदेश में आज से मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान शुरू हो गया है। इसमें केंद्र और राज्य सरकार की हितग्राही मूलक और लक्ष्य आधारित 45 योजनाओं का मैदानी स्तर पर क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जायेगा। इन योजनाओं के लाभ से वंचित रहे पात्र हितग्राहियों का चिन्हांकन कर उन्हें हितलाभ दिया जायेगा। 


इसके लिए प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों और नगरीय निकाय के सभी वार्डों में शिविर लगाये जायेंगे। चयनित पात्र हितग्राहियों को शिविर में ही हितलाभ वितरण किया जायेगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सभी कलेक्टर्स को निर्देश दिये हैं कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में लगने वाले शिविर के लिए प्रभारी और सहयोगी दल का गठन करें। 


शिविरों की आयोजन तिथि, स्थान और समय निर्धारण कर उसका प्रचार-प्रसार भी किया जाये, जिससे अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से लाभान्वित किया जा सके। ग्रामीण क्षेत्र के लिए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और शहरी क्षेत्र के लिए आयुक्त नगर निगम, मुख्य नगर पालिका अधिकारी नोडल अधिकारी होंगे।


मुख्यमंत्री जनकल्याण अभियान में दिव्यांग छात्रवृत्ति, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निशक्त पेंशन योजना, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना, मुख्यमंत्री कन्या अभिभावक पेंशन योजना, मुख्यमंत्री कल्याणी विवाह सहायता योजना, मुख्यमंत्री निशक्त शिक्षा प्रोत्साहन योजना, मध्यप्रदेश निशक्त छात्र/छात्राओं के लिए उच्च शिक्षा में दी जाने वाली फीस, निर्वाह भत्ता, परिवहन भत्ता योजना, दिव्यांगों के लिए सिविल सेवा प्रोत्साहन योजना, निर्माण श्रमिकों का पंजीयन, प्रसूति सहायता योजना का लाभ प्रदान करना, विवाह सहायता समेत अन्य योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा।


जिलों में भी होंगे आयोजन : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने जन्म से लेकर मृत्यु तक अपनी लीलाओं और आदर्शों के माध्यम से समूचे समाज को प्रेरणा दी है। भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और पवित्र धर्मग्रंथ 'गीता' की शिक्षा से प्रदेश वासियों के जीवन को आलोकित करने और सनातन संस्कृति से जोड़ने के लिए यह प्रयास किया जा रहा है। इसीलिए आज भोपाल में राज्य स्तरीय गीता जयंती समारोह हो रहा है। जिलों में भी आयोजन हो रहे हैं।


दुनिया के सबसे ज्यादा लोग गीता सुनना चाहते हैं : सीएम
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि दुनिया के सबसे ज्यादा लोग गीता को पढ़ना और सुनना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि पवित्र गीता का अध्ययन करने से सभी प्रकार के कष्ट दूर होते हैं। मुख्यमंत्री गीता जयंती पर आयोजित जन कल्याण पर्व का शुभारंभ करने के बाद उपस्थित जन समुदाय को संबोधित कर रहे थे। 


सीएम ने कहा कि सनातन धर्म का इतिहास हमें गीता को पढ़ने के लिए लालायित करता है। पवित्र गीता के अध्ययन करने से किसी भी प्रकार के कष्ट दूर हो जाते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि धर्म की जय हो, अधर्म का नाश, प्राणियों में सद्भावना हो और विश्व का कल्याण हो, इन चार वाक्यों में हमारी संस्कृति आ जाती है। लाड़ली बहनों के खाते में 350 करोड़ डाले जा रहे हैं।


आयोजन में मुस्लिम महिलाएं भी शामिल हुईं
राजधानी भोपाल के लाल परेड मैदान में गीता जयंती पर राज्य स्तरीय समारोह में पांच हजार आचार्यों सहित साधु-संतों सहित 7 हजार से अधिक लोगों ने जब एक साथ गीता का पाठ शुरू किया तो पूरा आकाश गुंजायमान हो उठा। यहां पर गीता के तीसरे अध्याय 'कर्म योग' का सस्वर पाठ किया गया। वर्ल्ड रिकॉर्ड के लिए क्यूआर कोड के जरिए प्रतिभागियों की गिनती की गई। इस गीता पाठ में बड़ी संख्या में बच्चों के साथ मुस्लिम महिलाएं भी शामिल हुईं।


26 जनवरी से पहले हर घर पहुंचेगी सरकार
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव लाल परेड मैदान से आज जन कल्याण पर्व और जनकल्याण अभियान का भी शुभारंभ किया है। जनकल्याण पर्व में प्रदेश में हजारों करोड़ रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि-पूजन के साथ जन-कल्याण के कार्य प्रमुखता से किये जाएंगे। 


जनकल्याण अभियान में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित नागरिकों को लाभान्वित करने के लिए अधिकारी गांव-गांव पहुंचकर मौके पर ही शिविर लगाकर जन समस्याओं का निराकरण करेंगे। इसमें केन्द्र और राज्य सरकार की 34 चिन्हित शत-प्रतिशत सैचुरेशन की हितग्राही मूलक योजनाओं और 11 लक्ष्य आधारित योजनाओं के साथ विभिन्न विभागों से संबंधित 63 सेवाएं आमजन तक पहुंचाकर लाभांवित किया जाएगा।