MP News: अब 11 बजे से लगेंगे स्कूल, भीषण ठंड से कांप रहा मध्यप्रदेश; बारिश का अलर्ट

गलन भरी ठंड को देखते हुए ग्वालियर संभाग में स्कूल शिक्षा विभाग ने बदला समय 

 

मध्यप्रदेश भीषण शीत लहर की चपेट में है। गलन भरी ठंड से आम जनजीवन पर बुरा असर पड़ा है। ठंड की हालत ऐसी है कि दिन में भी लोगों को ठंड से बचाव करना पड़ रहा है। इसी बीच ग्वालियर चंबल संभाग के स्कूल शिक्षा विभाग ने बड़ा फैसला लेते हुए स्कूलों के संचालन समय पर फेरबदल किया है। जल्द ही अन्य जिलों के कलेक्टर भी इस संबंध में फैसला ले सकते हैं। 
 
हाड़तोड़ ठंड में स्कूली बच्चों को राहत देते हुए ग्वालियर संभाग के सभी सरकारी व निजी विद्यालयों के खुलने का समय ११ बजे कर दिया गया है। यह आदेश आगामी ३१ जनवरी तक के लिए लिया गया है। इससे पहले स्कूल शिक्षा विभाग, भोपाल के द्वारा २० जनवरी के लिए प्रदेश भर के विद्यालयों के लिए खुलने का समय १० बजे तय किया गया था।
  
मौसम विभाग ने ठंड रहने के आसार जताए हैें। गुरुवार सुबह कोहरे की वजह से रतलाम, दमोह, खजुराहो, रीवा, सीधी, टीकमगढ़, उमरिया में विजिबिलिटी 50 से 200 मीटर के बीच रही।  वहीं सतना, रीवा, पन्ना, ग्वालियर, टीकमगढ़ और भिंड में कोल्ड-डे रहने की संभावना है। छतरपुर, निवाड़ी और दतिया जिलों में दिन में तेज ठंड का असर रह सकता है।

 बताया जा रहा है कि उत्तर भारत में वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव है। हालांकि इसका असर प्रदेश में कम है, लेकिन बर्फीली हवाएं आने लगी हैं। इस कारण प्रदेश में दिन का मौसम बदल गया है। मौसम विभाग के अनुसार 20 जनवरी के बाद रातें और भी ठंडी हो जाएंगी।