MP News: मध्यप्रदेश के 35 जिलों में मानसून की एंट्री, आलीराजपुर में सबसे ज्यादा 4.5 इंच बारिश
विंध्य के सभी जिलों में मानसून ने दी आमद, शनिवार को रीवा में भारी बारिश का अलर्ट
भोपाल। मध्यप्रदेश के ३५ जिलों में मानसून ने अपनी आमद दे दी है। प्रदेश के अन्य हिस्सों के साथ सतना सहित पूर्वी मध्य प्रदेश के शहरों में भी मानसून की एंट्री हो चुकी है। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को मानसून ने आसपास के जिलों को कवर लिया। इधर मानसून सक्रिय होने के साथ ही शहर के तापमान में भी गिरावट आई है। गुरुवार को शहर का अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री दर्ज किया गया, न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री दर्ज किया गया।
अभी तक 2 इंच बारिश हो चुकी है। अगले 24 घंटे में संभाग के अनेक जिलों में बारिश की संभावना है। प्रदेश की बात करें तो 35 जिलों में भी बारिश का दौर चला। आलीराजपुर में सबसे ज्यादा 4.5 इंच बारिश दर्ज की गई। मुरैना में 3.25 इंच पानी गिरा। इसके अलावा इंदौर, रतलाम, श्योपुर, खरगोन में भी बरसात हुई।
आज भी बारिश के आसार
मौसम वैज्ञानिकों ने शुक्रवार को शिवपुरी, मुरैना, डिंडोरी, अनूपपुर, मैहर, सतना जिलों में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। शनिवार को रीवा संभाग में अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
अब तक कितनी बारिश
19 जून तक देश में 11 प्रतिशत बारिश कम हुई। अब तक सामान्यत: 80.6 मिमी बारिश होती है। लेकिन, 71.5 मिमी ही हुई है। संभावना है कि जून के आखिर तक कमी पूरी हो जाएगी।