MP News: दो लाख करोड़ से मध्यप्रदेश का 'अभ्युदय'

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने दो लाख करोड़ के औद्योगिक विकास कार्यों का किया भूमिपूजन-लोकार्पण

 
शाह ने कहा- एमपी में औद्योगिक निवेश का नया अध्याय शुरू, डॉ. मोहन यादव सरकार में साढ़े आठ लाख करोड़ के औद्योगिक विकास कार्य धरातल पर उतरे

भोपाल। भारत के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर ग्वालियर मेला ग्रांउड में 'अभ्युदय मध्यप्रदेश ग्रोथ समिट' का आयोजन किया गया। समिट में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दो लाख करोड़ रुपए के औद्योगिक विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। केंद्रीय गृह मंत्री व सीएम ने अन्य अतिथियों के साथ ग्रोथ समिट को लेकर ब्रोशर का भी विमोचन किया।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अटलजी के चित्र पर माल्यार्पण के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ कर अटल म्यूजियम का लोकार्पण किया। इसके साथ ग्वालियर व्यापार मेले का भी शुभारंभ हो गया है। समिट के दौरान साइबर अपराध से निपटने के लिए एक नई पहल ई-जीरो एफआईआर की पहली प्रति भी जारी की गई। 

ग्रोथ समिट में भूमि आवंटन, आशय-पत्र वितरण, भूमि-पूजन और लोकार्पण जैसे सभी प्रमुख औद्योगिक निर्णय एक ही मंच से किए गए। केंद्रीय मंत्री शाह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश में औद्योगिक निवेश का नया अध्याय शुरू हो गया है।


'निवेश से रोजगार, अटल संकल्प, उज्ज्वल मध्यप्रदेश' की थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में 11 सौ से अधिक नए औद्योगिक कार्यों को मूर्तरूप दिया गया है।


रोजगार वाले उद्योगों को प्राथमिकता दे रहे

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने कहा कि सरकार केवल निवेश ही नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले उद्योगों को प्राथमिकता दे रही है। मध्यप्रदेश में उद्योगों के साथ स्थायी रोजगार के अवसर भी उपलब्ध होंगे। यह पहल युवाओं के आत्मविश्वास को बढ़ाने और उन्हें औद्योगिक विकास से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश औद्योगिक क्षेत्र में तेजी से विकास करते हुए देश में अपना अलग स्थान बना रहा है।


अटलजी ने भारत को परमाणु शक्ति संपन्न बनाया

केंद्रीय मंत्री शाह ने कहा कि अटल को अटल बिहारी वाजपेयी बनाने वाली ग्वालियर की इस धरती को हम प्रणाम करते हैं। राजनीति में अजातशत्रु रहकर मृत्यु का वरण करना बहुत बड़ी बात होती है। अटलजी ने इसे करके दिखाया। उन्होंने तमाम विदेशी ताकतों के दबाव को दरकिनार कर भारत को परमाणु शक्ति संपन्न राष्ट्र बनाया। 


अटलजी ने दुनिया को यह बताने का कार्य किया कि शांति में भी परमाणु शक्ति आवश्यक होती है। उन्होंने अपनी सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का कार्य किया है। अटलजी ने सुशासन को स्थापित कर आगे बढ़ाने का कार्य किया। अटलजी जब प्रधानमंत्री बने तब जनजातीय समाज के लिए केंद्र में कोई मंत्रालय नहीं था। उन्होंने जनजातीय मंत्रालय बनाया और पीएम ग्रामीण सड़क योजना के जरिए गांव-गांव सड़कों का जाल बिछाया। 


निवेश को लेकर प्रदेश में अलग तरह का माहौल : सीएम
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि 'अभ्युदय मध्यप्रदेश ग्रोथ समिट' भारत के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी को सच्ची श्रद्धांजलि के साथ उनके प्रति आदरांजलि है। सीएम ने कहा कि ग्वालियर के इस मेला ग्रांड पर 25 दिसंबर से प्रति वर्ष व्यापार मेला लगता है। 


हमारी सरकार ने श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मशताब्दी वर्ष में पूरे साल को उद्योग वर्ष के रूप में मनाया है। देश और विदेश में कई स्थानों पर इंडस्ट्रीज कॉन्क्लेव व रोड शो किए, जिसका अच्छा प्रतिसाद मिला और निवेशक मध्यप्रदेश पर भरोसा कर निवेश कर रहे हैं।

मध्यप्रदेश में अभी तक 6.5 लाख करोड़ के औद्योगिक विकास कार्यों का भूमिपूजन-लोकार्पण पहले ही किया जा चुका है। आज दो लाख करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया गया। यह ग्रोथ समिट अटलजी के जन्मशताब्दी वर्ष को समर्पित हमारी सरकार की ओर से विनम्र श्रद्धांजलि और आदरांजलि है। 


आने वाले समय में ग्वालियर क्षेत्र और आदर्श बनने वाला है। टेलीकॉम सहित कई क्षेत्रों में ग्वालियर को और सौगातें मिलेंगी। पूरे मध्यप्रदेश में निवेश को लेकर देश भर में अलग तरह का माहौल बना हुआ है। हमारी सरकार पार्टी संगठन के साथ मिलकर गरीब, युवा, महिला और अन्नदाता सहित सभी समाज वर्ग के कल्याण के लिए कार्य कर रही है।


अटलजी का राष्ट्र निर्माण में अद्वितीय योगदान
सीएम ने स्वर्गीय अटल जी की जयंती पर उन्हें स्मरण करते हुए कहा कि ग्वालियर की ऐतिहासिक धरती पर 20वीं शताब्दी में अटल के रूप में जन्मे विराट व्यक्तित्व ने लोक कल्याण एवं राष्ट्र निर्माण में अद्वितीय योगदान दिया। साथ ही लोकतंत्र को नई दिशा दी। 


अटलजी द्वारा शुरू की गई प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से गांव-गांव में विकास का कारवां पहुंच रहा है। अटलजी राजनीति के अजातशस्त्रु थे। उनमें विचारों की दृढ़ता भी अद्वितीय थी। उन्होंने अपने दृढ़ संकल्प के फलस्वरूप ही पोखरण परमाणु विस्फोट कर सारी दुनिया को अचंभित कर भारत का मान बढ़ाया था।

उन्होंने लोकतांत्रिक मूल्यों को सही मायने में अपनाया था। उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं।  प्रदेश सरकार ने अटल जी के आदरांजलि स्वरूप उद्योग एवं रोजगार को बढ़ावा देने के साथ-साथ गांवों के समग्र विकास का बीड़ा उठाया है।


25 हजार लाभार्थी सहित हजारों की संख्या में निवेशक पहुंचे
समारोह में 25 हजार ऐसे लोग भी उपस्थित रहे, जिन्हें मध्यप्रदेश सरकार द्वारा बीते दो वर्षों में विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार उपलब्ध कराया गया है। इसके साथ ही पांच हजार ऐसे लाभार्थी भी मौजूद रहे जिन्हें प्रदेश के एमएसएमई विभाग द्वारा लाभ पहुंचाया गया है।