MP News: मध्यप्रदेश में कड़ाके की ठंड का असर; छाया कोहरा, शीत लहर का अलर्ट

भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, उज्जैन, रीवा-शहडोल सहित 40 जिलों में छाया रहा कोहरा 

 

भोपाल। वैसे तो बीते एक माह से ठंड का प्रकोप जारी है लेकिन मऊगंज जिला मुख्यालय सहित पूरे अंचल में दिसंबर के अंतिम सप्ताह हुई बारिश के बाद नव वर्ष में कड़ाके की ठंड का कहर अचानक बढ़ गया। हालात कुछ इस कदर है कि दिन में हल्की धूप के बाद शाम ढलते ही शीत लहर का दौरा जारी हो जाता है वहीं देर रात से कोहरे की धुंध चालू होती है तो सुबह तक छाया घना कोहरा लोगों के लिए परेशानी का सबब बन चुका है।

 


कोहरे से हाईवे एवं अन्य मार्गों पर विजिबिलिटी कम हो गई। तेज सर्दी के कारण लोगों की दिनचर्या भी प्रभावित हो गई। सीत लहर व कड़ाके की ठंड और कोहरे के चलते लोग सुबह 9 बजे तक अपने घरों में दुबके रहे। ठंड से बचाव के लिए अलाव का सहारा लेते हुए लोग नजर आए। गुरुवार एवं शुक्रवार की सुबह करीब 9 बजे तक शीतलहर के साथ घना कोहरा छाया रहा। 

 


शीत लहर का प्रकोप कुछ इस कदर बढ़ा की लोग ठंड के कारण परेशान नजर आए। इतना ही नहीं शीत लहर और ठंड का प्रकोप बढ़ने से जनजीवन तो प्रभावित ही रहा, कोहरे के कारण वाहनों के आवागमन में मुश्किल सी स्थिति निर्मित रही।

 


ठंड से बच्चे-बूढ़ों की बढ़ी परेशानियां
पूरे अंचल में शीत लहर के साथ पड़ रही कड़ाके की ठंड से जहां वयोवृद्धों एवं बच्चों के लिए मुसीबत भरी स्थिति निर्मित हो गई वहीं ठंड का असर पालतू पशुओं में भी परेशानी का सबब बन गया। पूरे मऊगंज एवं रीवा अंचल में पढ़ रही कड़ाके की ठंड एवं शीत लहर के कारण लोगों के व्यावसायिक से लेकर कृषि कार्य प्रभावित रहे। 

 


लोग ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा लेते देखे गए। वहीं पड़ रही कड़ाके की ठंड के कारण बाजार भी खाली नजर आया। ठंड के कारण विभिन्न कार्यालयों में पदस्थ कर्मचारी भी समय से पहले अपने-अपने आसियाने की ओर भाग निकले। जिस तरह से शीत लहर का प्रकोप बढ़ा और कड़ाके की ठंड प्रारंभ हुई यदि इसी तरह शीत लहर का प्रकोप जारी रहा तो आम जनजीवन जहां और प्रभावित होगा वहीं बच्चों की पढ़ाई से लेकर व्यावसायिक एवं कृषि कार्यों में भी बड़ा असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है।


पाला पड़ने की आशंका
जिले में लगातार गिरते पारा के कारण सर्दी बढ़ गई है वहीं जिस तरह से ठंड का प्रकोप बढ़ा है और लगातार शीत लहर का दौर जारी है ऐसी स्थिति में पाला पड़ने की आशंका जताई जा रही है। यदि इसी तरह ठंड का दौर जारी रहा और पाला पड़ा तो सरसों अरहर मसूर मटर के साथ टमाटर बैगन गोभी आलू की फसलों को भारी नुकसान हो सकता है। और यदि पाला पड़ा तो एक बार फिर सब्जियों के दाम आसमान छूने की आशंका जताई जा रही है।


उत्तरी सर्द हवाओं से रीवा मऊगंज में बड़ी ठिठुरन
मऊगंज एवं रीवा जिले में गुरुवार को पूरे दिन शीतलहर का भारी असर रहा। सर्द हवाओं के चलते पूरे दिन लोगों को खासी गलन महसूस हुई। दोपहर के समय भी लोगों को धूप की तपन का अहसास नहीं हो सका। फिर शाम ढलने तक गलन और बढ़ गई। साथ में उत्तर दिशा से आई बर्फीली हवाएं भी चलती रहीं, जिसके चलते लोगों ने समय पर घरों के अंदर दुबकना उचित समझा। अब जिले में कड़ाके की ठंड का प्रहार हो सकता है। 


मौसम विभाग ने भी इस बाबत संकेत दिए हैं। मौसम विभाग की मानें तो अभी जिले में एक-दो दिन मौसम शुष्क रहेगा। शहर से लेकर गांव अंचल तक लोग ठंड के चलते घरों में सिकुड़ने लगे हैं। बताया गया कि गुरुवार को दिन का तापमान बीते दिन से 2.8 डिग्री सेल्सियस अधिक 21.0 डि.से. दर्ज किया गया।


वहीं, न्यूनतम तापमान भी गत दिवस की अपेक्षा 4.6 डि.से. की बड़ी गिरावट के साथ 5.4 डि.से. पर कायम हुआ। अब एक-दो दिन तक जिलेवासियों को और कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ सकता है। अर्थात दिन और रात के तापमान में और गिरावट आ सकती है।