MP News: 2027 होगा 'युवा वर्ष': मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया 'माय यूथ-माय प्राइड कॉन्क्लेव' का शुभारंभ

डिजिटल इंफ्लुएंसर्स के लिए 'डिजिटल कंटेंट अवॉर्ड' की घोषणा; युवाओं को रोजगार प्रदाता बनाने के लिए विशेष नीति और आर्थिक प्रोत्साहन देगी सरकार

 

इंदौर/भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में 'माय यूथ-माय प्राइड कॉन्क्लेव-2026' का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के 2 करोड़ युवा विकसित भारत ञ्च2047 के निर्माण और राज्य की समृद्धि के सूत्रधार बनेंगे। उन्होंने घोषणा की कि आगामी वर्ष 2027 को प्रदेश में 'युवा वर्ष' के रूप में मनाया जाएगा। कॉन्क्लेव के दौरान युवाओं ने मुख्यमंत्री को 'मध्यप्रदेश युवा संकल्प-2026' का मसौदा सौंपा, जिसके सुझावों के आधार पर राज्य की आगामी युवा नीति तैयार की जाएगी।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर के ब्रिलिएंट कन्वेंशन सेंटर में माय यूथ-माय प्राइड कॉन्क्लेव-2026 को संबोधित किया।

मीडिया इंफ्लुएंसर्स हेतु पुरस्कारों की घोषणा
कॉन्क्लेव के विशेष सत्र में इंदौर, उज्जैन, धार सहित मालवा-निमाड़ क्षेत्र के 200 से अधिक डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स और इंफ्लुएंसर्स शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने सामाजिक सरोकार और जन जागरूकता में उनके योगदान की सराहना करते हुए 'डिजिटल कंटेंट अवॉर्ड' प्रदान करने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर के ब्रिलिएंट कन्वेंशन सेंटर में माय यूथ-माय प्राइड कॉन्क्लेव-2026 में युवाओं से संवाद किया

कौशल उन्नयन-उद्यमशीलता को बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने युवाओं से रोजगार मांगने के बजाय रोजगार प्रदाता (उद्यमी) बनने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि सरकार युवाओं को हुनरमंद बनाने के लिए संत रविदास ग्लोबल स्किल पार्क जैसे संस्थानों के माध्यम से विशेष प्रशिक्षण दे रही है। इसके अतिरिक्त, ग्रामीण क्षेत्रों में होम-स्टे स्थापित करने के लिए वित्तीय सहायता, मेडिकल पढ़ाई के लिए शिक्षा ऋण और रोजगारपरक उद्योग लगाने वाले उद्यमियों को प्रति श्रमिक के वेतन पर 5 हजार रुपये तक की प्रोत्साहन राशि दी जा रही है। 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर के ब्रिलिएंट कन्वेंशन सेंटर में माय यूथ- माय प्राइड कॉन्क्लेव -2026 में युवाओं को युवा संकल्प पत्र वितरित किए।

उन्होंने वित्तीय समावेशन के क्षेत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू की गई बैंकिंग और यूपीआई प्रणाली के वैश्विक प्रभाव को रेखांकित किया। साथ ही, राहवीर योजना के तहत सड़क हादसे के घायलों की मदद करने वालों को 25 हजार रुपये का इनाम देने तथा पीएम हेली सेवा और पीएमश्री एयर एंबुलेंस की सुविधा का भी उल्लेख किया।

 
मुख्यमंत्री ने युवाओं को प्रेरित करने के लिए अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद, भगत सिंह, मदनलाल ढींगरा, क्रांतिसूर्य टंट्या मामा और मशहूर उद्योगपति धीरू भाई अंबानी के संघर्षों का उदाहरण दिया।

 
विभिन्न क्षेत्रों के लिए युवाओं का विजन
कॉन्क्लेव में युवा प्रतिनिधियों ने विभिन्न विषयों पर अपने विचार साझा किए:

शिक्षा, कौशल विकास और खेल: कशिश आहूजा, संकल्प सिंह चौहान और अमीक अमानी ने शिक्षा, कौशल और खेल के क्षेत्र में संकल्प पत्र का वाचन किया।

स्वास्थ्य: डॉ. महक भंडारी ने आभा आईडी के डिजिटल फायदों पर बात की और युवाओं से सिंहस्थ 2028 में वॉलेंटियर बनने की अपील की।

एमएसएमई सेक्टर: सानिया जसवानी ने एमएसएमई सेक्टर के संकल्प पत्र पर प्रकाश डालते हुए युवाओं के नवाचारों को रेखांकित किया।

कृषि एवं फूड प्रोसेसिंग: लखन पाटीदार और जितेंद्र पाटीदार ने प्राकृतिक खेती, डिजिटल मार्केटिंग और पॉलीहाउस तकनीक से किसानों की आय बढ़ाने पर विचार रखे।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इंदौर के ब्रिलिएंट कन्वेंशन सेंटर से निकली बाइक रैली में शामिल हुए।

विभिन्न गतिविधियों को प्रोत्साहन
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल से अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की जन्मस्थली भाभरा के लिए बाइक रैली और ओंकारेश्वर के लिए साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाई। सड़क सुरक्षा का संदेश देते हुए मुख्यमंत्री स्वयं हेलमेट पहनकर बाइक पर सवार हुए। इसके बाद उन्होंने युवाओं द्वारा निर्मित कलाकृतियों का अवलोकन किया, लाइव म्यूजिक बैंड का उत्साह बढ़ाया तथा मालवा के प्रसिद्ध व्यंजनों—शिकंजी, भुट्टे की किस, कांजी वड़ा और रसगुल्ले का स्वाद भी लिया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ इंदौर में पुण्योदय प्रकल्प कार्यक्रम में छात्राओं का समूह चित्र ।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर के ब्रिलिएंट कन्वेंशन सेंटर में पोहा और खिचड़ी खाई।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर के ब्रिलिएंट कन्वेंशनश सेंटर में बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इन रही गरिमामयी उपस्थिति
इस अवसर पर प्रमुख सचिव (औद्योगिक नीति एवं निवेश संवर्धन) राघवेंद्र कुमार सिंह, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, इंदौर सांसद शंकर लालवानी, पूर्व मंत्री एवं विधायक ऊषा ठाकुर, पूर्व मंत्री एवं विधायक महेंद्र हार्डिया, विधायक मधुन वर्मा, विधायक मालिनी गौड़, विधायक गोलू शुक्ला और महापौर पुष्यमित्र भार्गव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, युवा उद्यमी, शिक्षाविद, शोधकर्ता और प्रोफेशनल्स उपस्थित रहे।