Railway News: SECR में महिला शक्ति को कमान: वंदे भारत सहित 3 ट्रेनों में महिला स्टाफ ने संभाली टिकट चेकिंग

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर बिलासपुर मंडल की पहल, टीटीई लॉबी में महिला कर्मचारियों का किया गया सम्मान

 

बिलासपुर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल में महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। टीटीई लॉबी बिलासपुर में आयोजित महिला सम्मान समारोह में मंडल की महिला कर्मचारियों को सम्मानित किया गया तथा उनके कार्यों की सराहना की गई।

 


इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह ने महिला कर्मचारियों को सम्मानित करते हुए कहा कि रेलवे में महिलाओं की भूमिका लगातार मजबूत होती जा रही है। उन्होंने कहा कि महिला कर्मियों की सक्रिय भागीदारी से न केवल कार्य संस्कृति सुदृढ़ होती है बल्कि संगठन अधिक संवेदनशील और प्रभावी भी बनता है। 

3 ट्रेनों में महिला कर्मचारियों ने संभाली टिकट चेकिंग
महिला सशक्तिकरण का संदेश देने के उद्देश्य से रेलवे प्रशासन द्वारा एक अनूठी पहल की गई। इसके तहत बिलासपुर-नागपुर-बिलासपुर वंदे भारत एक्सप्रेस, बिलासपुर-कोरबा पैसेंजर और छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस में कोरबा से बिलासपुर तक टिकट जांच की पूरी जिम्मेदारी महिला टिकट चेकिंग स्टाफ को सौंपी गई।

 


महिला कर्मचारियों ने पूरी दक्षता और जिम्मेदारी के साथ यात्रियों की टिकट जांच करते हुए अपने दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया और महिला सशक्तिकरण की प्रेरणादायक मिसाल प्रस्तुत की।

 


स्टेशन के टिकट घरों में भी महिलाओं ने संभाली जिम्मेदारी
महिला दिवस के अवसर पर बिलासपुर रेलवे स्टेशन के अनारक्षित टिकट घर (ञ्जस्) तथा आरक्षित टिकट घर (क्कक्रस्) में प्रथम पाली के दौरान टिकटिंग सहित सभी कार्य महिला कर्मचारियों द्वारा संपादित किए गए। महिला स्टाफ ने यात्रियों को सुचारू सेवाएं प्रदान करते हुए अपनी कार्यकुशलता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।


रेलवे में बढ़ रही महिलाओं की भागीदारी
मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन के मार्गदर्शन में बिलासपुर मंडल में महिलाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। रेलवे प्रशासन महिलाओं को समान अवसर प्रदान करने के साथ उन्हें नेतृत्व की भूमिकाओं में भी आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित कर रहा है।

आज रेलवे में महिलाएं केवल पारंपरिक भूमिकाओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि लोको पायलट, स्टेशन प्रबंधक, टिकट चेकिंग, इंजीनियरिंग, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), ट्रैफिक कंट्रोल, वाणिज्यिक सेवाओं तथा स्वास्थ्य सेवाओं जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में भी अपनी प्रतिभा और क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं।


फैक्ट फाइल
- बिलासपुर मंडल में 1106 महिला अधिकारी एवं कर्मचारी कार्यरत। इनमें 6 राजपत्रित अधिकारी शामिल।
- 1100 अराजपत्रित कर्मचारी विभिन्न विभागों में दे रहीं सेवाएं


इनका कहना है- 
'महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से कार्य संस्कृति मजबूत होती है। इससे संगठन अधिक संवेदनशील और समावेशी बनता है। महिला कर्मचारियों का योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है।'
— अनुराग कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, एसईसीआर, बिलासपुर