Umaria News: उमरिया कलेक्टर राखी सहाय ने प्राथमिक शाला कटरिया का किया औचक निरीक्षण
बच्चों से मध्यान्ह भोजन एवं पाठ्य पुस्तक वितरण कि ली जानकारी
उमरिया। कलेक्टर राखी सहाय ने करकेली विकासखंड के ग्राम कटरिया में प्राथमिक शाला कटरिया का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान 42 में से 10 बच्चे उपस्थित पाए गए। उन्होंने कहा कि ग्राम में प्रचार प्रसार एवं समझाइश देते हुए स्कूल में बच्चों कि उपस्थिति बढ़ाई जाए।
बच्चों से की चर्चा
कलेक्टर श्रीमती सहाय ने बच्चों से रूबरू चर्चा करते हुए मध्यान्ह भोजन, पाठय पुस्तक मिलने, गणवेश मिलने आदि के संबंध में जानकारी प्राप्त की। बच्चों ने बताया कि प्रतिदिन मध्यान्ह भोजन मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रतिदिन स्कूल आकर अपने अध्ययन का कार्य ईमानदारी के साथ करें। उ न्होंने प्राचार्य को निर्देशित किया कि बच्चों को शुद्ध भोजन उपलब्ध कराएं। भोजन पकाने के बाद उसे ढंककर रखें। जिस जगह पर भोजन पकाया जाता है, उसे स्वच्छ बनाएं रखें।
रसोई के बर्तनों का किया अवलोकन
निरीक्षण के दौरान उन्होने रसोई घर मे उपलब्ध बर्तनों का भी अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत अभय सिंह, एसडीएम बांधवगढ अंबिकेश प्रताप सिंह, नायब तहसीलदार विनोद वर्मा तथा अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
'आकाशकोट जल प्रदाय योजना में नहीं बर्दाश्त होगी ढिलाई'
कलेक्टर राखी सहाय ने आकाशकोट ग्रामीण समूह जल प्रदाय योजना के तहत विभिन्न ग्रामों का सघन निरीक्षण करते हुए कार्यों की धीमी प्रगति पर कड़ी नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने उमरार डैम स्थित इंटकवेल का जायजा लिया, जहां पाइप और पंप का अभाव पाया गया। इस पर उन्होंने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए निर्देश दिए कि आवश्यक संसाधनों की तत्काल व्यवस्था कर कार्य शीघ्र पूर्ण किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा प्रगति की साप्ताहिक रिपोर्ट अनिवार्य रूप से प्रस्तुत की जाए। ग्राम ददरी और खैराटोला में बिछाई गई पाइपलाइन का निरीक्षण करते समय ग्रामीणों ने पानी न मिलने की शिकायत की।
इस पर कलेक्टर ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकीय विभाग को निर्देशित किया कि ग्रीष्मकाल को ध्यान में रखते हुए तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था कर ग्रामीणों को पानी उपलब्ध कराया जाए। इस पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि कार्य को प्राथमिकता के आधार पर 30 जून तक हर हाल में पूर्ण किया जाए।
उन्होंने दोहराया कि प्रगति की साप्ताहिक समीक्षा की जाएगी और किसी भी प्रकार की शिथिलता या देरी पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर सहाय ने स्पष्ट रूप से कहा कि 136.49 करोड़ रुपए लागत की इस योजना से 108 ग्रामों को लाभ मिलना है, इसलिए इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए परिणाम देने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत अभय सिंह, एसडीएम बांधवगढ़ अंबिकेश प्रताप सिंह,नायब तहसीलदार विनोद वर्मा,जल निगम तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकीय विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।