Anuppur News: अनूपपुर में बोले सर्व सेवा संघ अध्यक्ष चंदन पाल-  युद्धरहित विश्व का निर्माण सर्वोदय के लिए चुनौती

संतोष कुमार द्विवेदी चुने गए सर्वोदय समाज के राष्ट्रीय संयोजक 

 

अनूपपुर। सर्वोदय की सर्वोच्च संस्था सर्व सेवा संघ की कार्यसमिति की बैठक 21 दिसंबर को अनूपपुर के सर लगन पैलेस में संपन्न हुई। कार्यसमिति में संतोष कुमार द्विवेदी को सर्व सम्मति से सर्वोदय समाज का राष्ट्रीय संयोजक चुना गया। 


कार्यसमिति को संबोधित करते हुए सर्व सेवा संघ के अध्यक्ष चंदन पाल ने कहा कि देश और दुनिया के आज कई प्रकार के संकटों से गुजर रही है। प्राकृतिक संसाधनों पर कब्जा करने के लिए जंगलों को उजाड़ा जा रहा है, जमीन को लूटा जा रहा है, यहां तक कि दुनिया के मानचित्र से देशों का नामों निशान मिटाया जा रहा है।

ऐसी स्थिति में हम पर गांधी विचार के आधार पर  समता, स्वतंत्रता, सौहार्द और बंधुत्व के आधार पर एक वैश्विक समाज बनाने का गुरुतर दायित्व है। हमें एक नए भारत और युद्धरहित विश्व के निर्माण के लिए आगे बढ़ना है। सर्वोदय के सामने या एक बड़ी चुनौती है।  


हमले के विरोध में होगा देशव्यापी सत्याग्रह
महात्मा गांधी हत्या में संलिप्त संगठन द्वारा केंद्र व राज्य सरकारों की शह पर स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत और गांधी विचार की संस्थाओं पर न सिर्फ हमले किए जा रहे हैं बल्कि गांधी संस्थानों पर कब्जा करने और उन्हें विकृत करने की पुरजोर कोशिश की जा रही है। राजघाट वाराणसी स्थित सर्व सेवा संघ के परिसर पर बुलडोजर चलाना उसी की परिणीति है।

 गांधी  द्वारा निर्मित गुजरात विद्यापीठ पर भी भाजपा और उसके आनुषंगिक संगठनों के निशाने पर है। सर्व सेवा संघ की कार्यसमिति के सदस्य इस आचरण के निषेध स्वरूप अपने 91 वें अधिवेशन में कल सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक उपवास रखेंगे और देशव्यापी सत्याग्रह शुरू करेंगे। 


संतोष कुमार द्विवेदी बने सर्वोदय समाज के राष्ट्रीय संयोजक
सर्व सेवा संघ की कार्य समिति ने गांधीवादी कार्यकर्ता, कवि और बुद्धिजीवी संतोष कुमर द्विवेदी को सर्वसम्मति से सर्वोदय समाज का राष्ट्रीय संयोजक चुना गया है। ज्ञात हो कि मध्यप्रदेश के उमरिया जिले में निवासरत द्विवेदी लंबे समय से गांधी विचार और कार्यों में संलग्न हैं। इसके पूर्व वे मध्यप्रदेश सर्वोदय मंडल के मंत्री, अध्यक्ष और सर्व सेवा संघ के राष्ट्रीय मंत्री के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। 


इस मौके पर आपने कहा कि सर्वोदय का समाज बनाने के लिए हमें संगठन की सदस्यता के बाहर मौजूद गांधीजनों और गांधी विचार से प्रेरित होकर कम करने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को परस्पर जोड़ना होगा।

व्यापक गांधी समाज सदस्यता और सांगठनिक दायरे के बाहर है। आपने कहा कि गांधी विचार की व्यापक धारा में शामिल व्यक्ति, समूह और संगठनों के प्रतिनिधियों की शिरकत से शीघ्र ही एक बड़ा सर्वोदय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।


कई राज्यों के महत्वपूर्ण प्रतिनिधि हुए शामिल
सर्व सेवा संघ की कार्यसमिति की बैठक में अध्यक्ष चंदन पाल के अलावा महामंत्री गौरां महापात्र, मंत्री अरविंद कुशवाह, अरविंद अंजुम व अविनाश काकडे, प्रबंधक ट्रस्टी शेख हुसैन, उत्तर प्रदेश सर्वोदय मंडल के अध्यक्ष रामधीरज, आंध्र प्रदेश सर्वोदय मंडल के अध्यक्ष रामबाबू, बिहार के अध्यक्ष सत्यनारायण प्रसाद, उत्कल सर्वोदय मंडल के अध्यक्ष मिहिर दास, महाराष्ट्र से डॉ सोमनाथ रोड़े, प्रकाशन के संयोजक अशोक भारत, कर्नाटक से वी प्रशांता, झारखंड सर्वोदय मंडल के शंकर राणा, आंदोलन समिति के संयोजक डॉ विश्वजीत, महिला समिति की सह संयोजक संध्या सिंह, हरियाणा से सतीश मराठा, गुजरात से रश्मिन राठौड़, सत्येंद्र सिंह, जागृति राही, युवा समिति के संयोजक भूपेश भूषण, मध्यप्रदेश सर्वोदय मंडल के महामंत्री अंकित मिश्रा, वरिष्ठ गांधीवादी विद्याधर, मानवेंद्र नाथ मंडल आदि शामिल हुए।