Anuppur News: अनूपपुर कलेक्टर रत्नाकर झा ने पौधरोपण में लापरवाही पर सुपरवाइजर की वेतनवृद्धि रोकी

सचिव को नोटिस, गौशाला के लिए 5 एकड़ जमीन का प्रस्ताव मांगा

 

अनूपपुर। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत कलेक्टर रत्नाकर झा ने शुक्रवार दोपहर जैतहरी जनपद पंचायत के ग्राम लहरपुर में विभिन्न सरकारी संस्थानों और पंचायत कार्यों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पौधरोपण व साफ-सफाई में लापरवाही पाए जाने पर आंगनबाड़ी सुपरवाइजर उषा शुक्ला की एक वेतनवृद्धि रोकने तथा राशन दुकान के जर्जर टीन शेड को लेकर पंचायत सचिव को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।


कॉलेज भूमि व स्वास्थ्य केंद्र निरीक्षण
कलेक्टर ने निरीक्षण की शुरुआत शासकीय महाविद्यालय लहरपुर से की। यहां कॉलेज के सामने लगभग 15 डिसमिल भूमि दर्ज पाई गई, जिस पर राम कुमार राठौर सहित अन्य लोगों के नाम दर्ज बताए गए। कलेक्टर ने इस भूमि को महाविद्यालय के उपयोग में लेने तथा संबंधित व्यक्तियों को अन्यत्र वैकल्पिक भूमि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

 


इसके बाद उन्होंने उप स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया और ओपीडी, टीकाकरण तथा सिकल सेल एनीमिया स्क्रीनिंग से जुड़े रजिस्टरों की जांच की। उन्होंने स्वास्थ्य अमले को पर्याप्त दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और मरीजों को बेहतर उपचार देने के निर्देश दिए। सक्षम आंगनबाड़ी केंद्र में 15 बच्चे दर्ज मिले, लेकिन साफ-सफाई और पौधरोपण की स्थिति संतोषजनक नहीं होने पर सुपरवाइजर के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए। साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को मुनगा, आम, जामुन और कटहल के पौधे रोपकर उनकी देखभाल करने को कहा गया।

 


राशन दुकान शेड सुधार निर्देश
शासकीय उचित मूल्य की दुकान के निरीक्षण के दौरान 552 हितग्राहियों को राशन वितरण होता पाया गया, जिस पर ग्रामीणों ने संतोष व्यक्त किया। हालांकि, दुकान का टीन शेड क्षतिग्रस्त मिला। इस पर कलेक्टर ने पंचायत सचिव को कारण बताओ नोटिस देने, जनपद सीईओ को शेड की मरम्मत कराने और हितग्राहियों के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए।


गौशाला हेतु 5 एकड़ जमीन प्रस्ताव
ग्राम पंचायत भवन में आयोजित संवाद के दौरान कलेक्टर ने ग्रामीणों से लहरपुर को आदर्श ग्राम बनाने में सहयोग की अपील की और पशुपालन व दुग्ध उत्पादन से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित किया। ग्रामीणों ने आवारा मवेशियों से फसलों को हो रहे नुकसान की समस्या रखी, जिस पर कलेक्टर ने जनपद सीईओ को गांव में उपलब्ध भूमि में से गौशाला निर्माण के लिए 5 एकड़ से अधिक जमीन चिह्नित कर प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए।


इस निरीक्षण के दौरान जैतहरी एसडीएम कमलेश पुरी, आरईएस (RES) के कार्यपालन यंत्री, जनपद सीईओ सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।