Uttar Pradesh Gorakhpur : पति और दो मासूम बच्चों का किया कत्ल, उसके बाद महिला ने खुद मिलाया पुलिस को फोन

कातिल महिला ने कहा सौतेली बेटी पर बुरी नजर रखता था पति इसलिए किया कत्ल, गाँव वालों ने अवैध संबंधों को बताया कारण
 

गोरखपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना हुई है। यहां एक महिला ने अपने पति और दो सौतेले मासूम बेटों की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात के बाद वह भागी भी नहीं, बल्कि घर में ही बैठी रही। यहीं नहीं, उसने पुलिस को फोन कर बताया कि दो चेहरा बांधे बदमाश मेरे पति और बेटों को मार रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। देखा तो कि कमरे में महिला का पति और उसके बेटे खून से लथपथ तड़प रहे थे। पुलिस तीनों को अस्पताल ले गई। लेकिन तब तक तीनों ने दम तोड़ दिया। घटना सहबाजगंज इलाके के साहबगंज में रात 1.30 बजे की है।

गांव वालों ने कहा- अवैध संबंधों में मर्डर हुआ

सुबह डॉग स्क्वायड और फिंगर एक्सपर्ट की टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने महिला को अरेस्ट करते हुए उस चाकू को भी बरामद कर लिया है, जिससे महिला ने पति और दो बेटों की हत्या की है। हालांकि, महिला ने ऐसा क्यों किया? अभी यह पता नहीं चल सका है। लेकिन, ग्रामीणों का कहना है कि महिला के अवैध संबंधों को लेकर परिवार में विवाद हुआ था। इसके बाद ही महिला ने पति और बच्चों को मार डाला।

शादी हुए एक साल भी नहीं हुआ था

सहजनवां नगर पंचायत के वार्ड नंबर-5 सहबाजगंज में रहने वाले अवधेश गुप्ता (40) की पहली पत्नी की मौत हो गई। जबकि उनके दो बेटे 5 साल का आर्यन और 3 साल का आरव हैं। 8 महीने पहले अवधेश ने संतकबीर नगर के धनघटा मझगांवा की रहने वाली नीलम गुप्ता से दूसरी शादी की। नीलम की भी यह दूसरी शादी थी। उसकी भी पहले पति से एक बेटी पीहू है। जिसे शादी के बाद वे अपने साथ लाई थी।

खुद ही 112 पर दी सूचना 

शनिवार की रात नीलम ने डॉयल 112 पर फोन कर सूचना दी कि दो मुंह बांधे लोग आए और मेरे पति और बच्चों के साथ मारपीट कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। कमरे को खोलने पर अवधेश और उसके दोनों बेटे आर्यन और आरो खून से लथपथ बिस्तर पर पड़े हुए तड़प रहे थे। पुलिस तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर गई, जहां अवधेश को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया गया। वहीं, घायल बच्चों ने मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

ऐसा माना जा रहा है कि महिला ने पति और बच्चों के सोते हुए गला रेत दिया। अगर पति जागा हुआ होता, तो ये कत्ल ही नहीं हो पाता । हथियार भी घर की रसोई में इस्तेमाल होने वाला सामान्य चाकू ही था ।