Rewa News: रीवा में 12 साल बाद पुलिस ने पकड़ा हत्या का आरोपी, गुजरात में काट रहा था फरारी
गोविन्दगढ़ पुलिस ने रीवा आने पर आरोपी को दबोचा, पूछतांछ जारी
रीवा। हत्या के प्रकरण में सालों से पुलिस के लिए चुनौती बने एक आरोपी को पुलिस ने पकड़कर सलाखों के पीछे डाल दिया है। आरोपी के अपने घर लौटकर आने की सूचना मिली थी जिस पर पुलिस हरकत में आ गई और घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। उसको पकड़कर पुलिस ने सलाखों के पीछे डाल दिया है। उससे घटना के बारे में विस्तृत पूछतांछ की जा रही है।
बताया गया है कि पुलिस ने हत्या के फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। अजय उर्फ अक्षत कोल पिता जयराम कोल 34 साल निवासी सठिया थाना गोविन्दगढ़ के विरुद्ध हत्या का प्रकरण कायम हुआ था।
12 साल पहले उसने गांव के ही एक व्यक्ति की हत्या कर दी थी जिसके उपरांत पुलिस उसकी सरगर्मी से पतासाजी कर रही थी। आरोपी का फरारी में चालान न्यायालय में पेश किया गया था जिसमें न्यायालय ने उसके विरुद्ध स्थायी वारंट जारी कर दिया था। इस पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय से इनाम घोषित किया गया था।
बताया गया है कि आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस ने जाल बिछाया। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी रीवा आने वाला है जिस पर आनन-फानन में पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस ने उसको पकड़ने के लिए घेराबंदी की और जब वह वापस लौटकर आया तो पुलिस ने उसको घर तक नहीं जाने दिया और रास्ते में ही दबोच लिया।
आरोपी को पकड़कर पुलिस ने सलाखों के पीछे डाल दिया। घटनाकारित करने वाले आरोपी की कई सालों से पुलिस को तलाश थी लेकिन वह गुजरात भाग गया था और वहां रहकर काम करता था। इतने सालों में पहली बार वह अपने घर आया था लेकिन पुलिस ने उसे घर तक नहीं जाने दिया। पुलिस ने आज उसको न्यायालय में पेश किया जहां से उसको जेल दाखिल कर दिया गया।
इनका कहना है-
हत्या के मामले में एक आरोपी फरार था जिसकी 12 साल बाद गिरफ्तारी हुई है। उसके विरुद्ध थाने में आपराधिक प्रकरण कायम था। वह गुजरात से लौटकर अपने घर आया था जिसको पकड़कर सलाखों के पीछे डाल दिया गया है। रविवार को उसे न्यायालय में पेश किया गया जहां से आरोपी को जेल दाखिल कर दिया गया।
-अरविंद राठौर, थाना प्रभारी गोविन्दगढ़