Rewa News: रीवा आईजी के निर्देश पर संभाग के सभी जिलों में पुलिस ने तलाश कर घर वालों को सौंपा

नाबालिगों की दस्तयाबी हेतु चला अभियान, संभाग में 226 मिले

 | 
Rewa

रीवा। अपने घर में बिना बताए गायब होने वाले नाबालिग बच्चों की पतासाजी हेतु पुलिस  ने सर्च ऑपेरशन चलाया। इस अभियान में पुलिस को अच्छी खासी सफलता मिली है। पुलिस दूसरे राज्यों से नाबालिग बच्चों को खोजकर वापस लाई है जिनके बयान कराने के उपरांत घर वालों को सौंप दिया गया है। 


बताया गया है कि नाबालिग बच्चों की पतासाजी हेतु पुलिस ने अभियान चलाया है। डीजीपी कैलाश मकवाना के निर्देश पर यह अभियान पूरे एक महीने तक चला था जिसके क्रियान्वयन के लिए आईजी गौरव राजपूत ने सभी जिलों के एसपी को निर्देशित किया और अपने जिले में अभियान बड़े पैमाने पर चलाने का आदेश दिया। सभी जिलों ने नाबालिग बच्चों की दस्तयाबी हेतु कड़ी मेहनत की और पूरे संभाग में 226 नाबालिगों को सकुशल दस्तयाब कर लिया गया। 


बताया गया है कि जिन बच्चों को बरामद किया गया है उनमें सबसे ज्यादा लड़कियां है। पुलिस ने महाराष्ट्र, दिल्ली, यूपी, गुजरात आदि राज्यों में बच्चों को ढूंढने के लिए एक बड़ी मुहिम चलाई थी। जो बच्चे गायब हो जाते है उस पर पुलिस अपराध पंजीबद्ध करती है और उनको पूरे प्राथमिकता के साथ ढूंढने का प्रयास करती हे।

सबसे ज्यादा लड़कियां गायब होती है जिनके किसी अपराध में फंसने की संभावना बनी रहती है। इसलिए पुलिस भी इस अभियान में उनको जल्द बरामद करने का प्रयास करती है। एक माह के अभियान में बच्चों को दस्तयाब कर उनके घर वालों को वापस लौटा दिया जिससे उनके चेहरे पर मुस्कान वापस लौट आई है।


भीषण गर्मी में पुलिस ने किया हजारों किमी का सफर
बच्चों की बरामदगी के लिए पुलिस ने भीषण गर्मी में हजारों किमी का सफर तय किया है। पुलिस बच्चों को ढूंढने के लिए दूसरे राज्यों में गई है जहां पर वे थे। उनको पुणे, मुम्बई, सूरत, दिल्ली, नोएडा आदि स्थानों से दस्तयाब किया गया है।

इनमें कई तो काम करने के लिए घर वालों को बिना जानकारी दिए चले गए थे। कुछ लड़कियों के साथ अपराध भी हुआ है। उनको आरोपी बहला-फुसलाकर ले गए और उनके साथ बलात्कार किए है। आरोपियों को पकड़कर पुलिस ने सलाखों के पीछे डाल दिया।


इतने बच्चे हुए बरामद
संभाग के सभी 6 जिलों में बच्चों की दस्तयाबी के लिए पुलिस ने काम किया है। रीवा में 82, सतना में 50, सीधी 37, सिंगरौली में 24, मऊगंज में 16, मैहर में 29 नाबालिगों की दस्तयाबी करने में पुलिस ने सफलता हासिल की है। इन सभी बच्चों को दूसरे राज्यों से लाया गया है।


इनका कहना है-
नाबालिग बच्चों की दस्तयाबी हेतु विशेष अभियान पुलिस विभाग द्वारा चलाया गया था। अभियान में नाबालिग बच्चों को दूसरे राज्यों से पुलिस दस्तयाब कर लाई है और घर वालों को लौटाया है। हमारा लगातार प्रयास रहेगा कि हम अधिक से अधिक बच्चों को बरामद कर उन्हें घर वालों को सौंपे।
-गौरव राजपूत, आईजी रीवा