Rewa News: रीवा के अस्पताल में फिर बवाल, घायल की मौत पर हुआ हंगामा, लापता हुए डॉक्टर

संजय गांधी अस्पताल के आकस्मिक चिकित्सा विभाग की लापरवाही आई सामने

 | 
Rewa

रीवा। संजय गांधी अस्पताल में डाक्टरों की लापरवाही मरीजों की जान पर भारी पड़ गई है। समय पर सही इलाज नहीं मिलने की वजह से एक युवक की अस्पताल में मौत हो गई। घटना से अस्पताल में घर वाले आक्रोशित होकर हंगामा करने लगे और काफी देर तक बवाल किया जिसकी वजह से तनाव की स्थिति बनी रही। सूचना पर तुरंत पुलिस स्पाट में पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस के समझाने पर घर वाले लाश का पोस्टमार्टम करवाने को राजी हुए। 


बताया गया है कि अस्पताल में एक घायल की मौत पर बवाल मच गया। विवेक अग्निहोत्री निवासी सतना बीती रात सड़क दुर्घटना में जख्मी हो गया था।  उसको सतना से रेफर करने पर तड़के घर वाले उपचार हेतु एसजीएमएच लेकर आए। यहां आने पर भी घर वालों को निराशा ही हुई और घायल को समय पर उपचार नहीं मिला। अस्पताल के डाक्टर घर वालों को इधर उधर भटकाते रहे जिसकी वजह से सुबह घायल की मौत हो गई। उसकी मौत के बाद भी अस्पताल के डाक्टर घर वालों के साथ अभद्रता करने से नहीं चूक रहे थे। 


बताया गया है कि इस बात से घर वालों का आक्रोश फूट पड़ा और वे अस्पताल में हंगामा करने लगे। घर वालों का हंगामा देखकर वार्ड के डाक्टर लापता हो गए। काफी देर तक घर  वाले बवाल करते रहे। बाद में पुलिस को सूचना दी गई जिस पर पुलिस मौका मुआयना करने स्पाट में पहुंच गई। 


पुलिस ने गुस्साए घर वालों को समझाने का काफी देर तक प्रयास किया जिसके उपरांत वे शांत हुआ। पोस्टमार्टम उपरांत लाश घर वालों को सौंप दिया गया है। मर्ग कायम कर पुलिस ने घटना को जांच में लिया है।


वाहन की ठोकर से हुई थी मौत
युवक अपने निपनिया स्थित घर आया था और यहां वे सतना दूसरे घर के लिए जा रहा था। मोटर साइकिल से रात करीब साढ़े आठ बजे के आसपास वह रामपुर बघेलान के पास पहुंचा तभी उसको किसी अज्ञात वाहन के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए ठोकर मार दी जिसमें युवक बुरी तरह जख्मी हो गया। 


हादसा देखकर आसपास के लोग दौड़े और ए बुलेंस को खबर दी जिसके उपरांत घायल को आनन-फानन में उपचार हेतु अस्पताल लाया गया। युवक को रामपुर बघेलान व सतना कहीं भी इलाज नहीं मिला और घर वाले कई घंटे तक उसे लेकर सिर्फ भटकते रहे। रीवा आने पर उसकी हालत काफी ज्यादा बिगड़ गई थी। यहां डाक्टर उसकी तकलीफ समझपाते उससे पहले ही घायल की मौत हो गई।


इनका कहना है-
एक्सीडेंट में जख्मी होने के बाद एक व्यक्ति को आज सुबह उपचार हेतु अस्पताल लाया गया था। उसका एमआरआई सहित दूसरी जांचे हुई है। दुर्भाग्यवश उसकी जान को नहीं बचाया जा सका है। घर वाले जो आरोप लगा रहे थे उसकी हम कमेटी बनाकर जांच कराएंगे।
-डॉ. राहुल मिश्रा, अस्पताल अधीक्षक