Mauganj News: पत्नी निकली हत्या की आरोपी, प्रेमी के साथ मिलकर रची थी साजिश
मऊगंज पुलिस ने अंधी हत्या का किया पर्दाफाश, पत्नी गिरफ्तार, प्रेमी की तलाश जारी
मऊगंज। एक युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। हत्या की साजिश रचने वाली उसकी पत्नी ही थी जो घटना के बाद घड़ियाली आंसू बहाकर अपने अपराध को छिपाने का प्रयास कर रही थी। पुलिस ने महिला को पकड़कर सलाखों के पीछे डाल दिया है। हत्या करने वाला प्रेमी सहित उसका दोस्त अभी फरार है जिनकी सरगर्मी से पतासाजी की जा रही है।
बताया गया है कि युवक की अंधी हत्या का पुलिस ने खुलासा किया है। ग्राम डगडौआ थाना मऊगंज हाइवे में एक युवक की गत दिवस लाश बरामद हुई थी जिसकी किसी ने हत्या की थी। युवक की पहचान सुधीर दाहिया निवासी सतना के रूप में हुई थी जो अपने दोस्त के बुलाने पर रीवा आया था और बाद में उसकी लाश मिली थी।
इस अंधी हत्या का पुलिस ने पर्दाफाश करने में सफलता हासिल की है। हत्या की साजिश खुद युवक की पत्नी कंचन दाहिया ने रची थी जो घटना के बाद स्पाट में आकर घड़ियाली आंसू बहाकर अपने अपराध को छिपाने का प्रयास कर रही थी। उसने हत्या की साजिश अपने प्रेमी आर्यन उर्फ गबरु पटेल निवासी सतना के साथ मिलकर रची थी।
बताया गया है कि साजिश के मुताबिक युवक को दोनों आरोपियों ने शराब पीने के बहाने रीवा बुलाया था। आरोपी उसके दोस्त थे जिस पर युवक को संदेह भी नहीं हुआ और वह रीवा आ गया। आरोपी उसे मऊगंज लाकर शराब पिलाये और रात में उसकी हत्या करके भाग गये। पुलिस ने पत्नी को जब दबोचा तो उसने पूरी साजिश का खुलासा कर दिया।
पत्नी के विरुद्ध अपराध कायम कर पुलिस ने न्यायालय में पेश किया जहां से उसको जेल दाखिल कर दिया गया है। घटनाकारित करने वाले मुख्य आरोपी अभी फरार है जिनको पकड़ने के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। आरोपी अभी पकड़े नहीं गये है जिससे घटना के बारे में अधिक जानकारी नहीं मिल पाई है।
फरार आरोपियों की मदद करने वाली भी गिरफ्तार
हत्याकारित करने के उपरांत आरोपी ग्राम माड़ा बहुती थाना नईगढ़ी में रहने वाली संजना सिंह के घर में रुके हुए थे। महिला ने उनको छिपने में मदद की थी और उसके बाद फिर वे वहां से प्रयागराज भाग गये। पुलिस ने उनको फरार होने में मदद करने वाली महिला संजना सिंह को भी पकड़कर सलाखों के पीछे डाल दिया है।
इनका कहना है-
युवक की हत्या का पर्दाफाश हुआ है। हत्या की साजिश रचने वाली उसकी पत्नी थी जिसने प्रेमी की मदद से पति की हत्या करवाई थी। महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस टीम छापेमारी कर रही है। जल्द उनको गिरफ्तार कर लिया जायेगा।
-सची पाठक, एसडीओपी मऊगंज