Mauganj News: मऊगंज में दौड़ने निकले युवक की वाहन से कुचलकर मौत

रायपुर कर्चुलियान थाने के रामनई के पास हुई घटना, पुलिस चालक की तलाश में जुटी

 | 
Mauganj

मऊगंज। तड़के दौड़ने के लिए निकले एक युवक को अज्ञात वाहन चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए ठोकर मार दी जिसमें उसकी मौत हो गई। घटनाकारित करने वाले आरोपी चालक भागने में कामयाब हो गया था जिसकी पतासाजी करने में पुलिस लगी हुई है। पुलिस ने आज पोस्टमार्टम करवाकर लाश घर वालों को सौंप दिया है।


बताया गया है कि दौड़ने के लिए निकले युवक की अज्ञात वाहन से कुचलकर मौत हो गई। सतीश रावत पिता शेषमणि 22 साल निवासी ममरई थाना रायपुर कर्चुलियान प्रतिदिन सुबह दौड़ने जाता था। आज सुबह भी वह घर से दौड़ने के लिए साढ़े चार बजे निकला था। 


वह रामनई के पास हाइवे में आया तो वहां से गुजरे किसी अज्ञात वाहन के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उसको ठोकर मार दी जिसमें युवक बुरी तरह जख्मी हो गया। सुबह आसपास कोई नहीं था जिसकी वजह से चालक वाहन समेत भागने में कामयाब हो गया। आसपास के लोगों ने युवक को जख्मी हालत में पड़े देखकर घर वालों को सूचना दी।


बताया गया है कि घर वाले आनन-फानन में उसको उपचार हेतु अस्पताल लेकर आए। डाक्टरों ने जांच उपरांत उसको मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस मौका मुआयना करने स्पॉट में पहुंच गई।

युवक की लाश का पोस्टमार्टम करवाकर उसे घर वालों को सौंप दिया है। परिजनेां ने बताया कि युवक अपनी बुआ के घर में रहकर पढ़ाई करता था जो प्रतिदिन दौड़ने जाता था। टीआई अतुल त्रिपाठी ने बताया कि मर्ग कायम कर घटना को जांच में लिया है।