विंध्य में दिग्विजय सिंह का नरोत्तम मिश्र पर निशाना- दीपिका के कपड़े का रंग दिखा; हनुमान जी के सामने फूहड़ डांस नहीं

MP Elections 2023: विंध्य प्रवास के पहले दिन सतना पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री; कहा- इस बार हम बिकाऊ नहीं, टिकाऊ माल को जिता कर लाएंगे

 | 
Digvijay Singh

दिग्गज कांग्रेस नेता, राज्यसभा सांसद और मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह अपने तीन दिवसीय रीवा-सतना दौरे के पहले दिन आज सतना पहुंचे। यहां उन्होंने इसी साल होने जा रहे एमपी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर संगठन के लोगों और टिकट की चाह रखने वाले लोगों की जमीनी हकीकत टटोली।

मीडियाकर्मियों से बातचीत में उन्होंने रतलाम में बॉडी बिल्डिंग के कार्यक्रम को लेकर चल रहे विवाद को तूल देते हुए कहा कि गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा को यह तो दिख जाता है कि दीपिका पादुकोण ने पठान फिल्म में किस रंग के कपड़े पहने थे, लेकिन हनुमान जी के सामने फूहड़ डांस नहीं दिखता, क्योंकि वहां मंच पर उनकी पार्टी के लोग बैठे थे। दिग्विजय सिंह ने शुक्रवार से अपने विंध्य दौरे की शुरुआत की है। इस दौरान सतना में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने भाजपा के मॉडल को भ्रष्टाचार को पालने-बढ़ाने वाला कहा। उन्होंने कहा, भाजपा का लक्ष्य सेवा नहीं सिर्फ सत्ता है।


इस बार टिकाऊ, बिकाऊ नहीं
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की सत्ता में कांग्रेस की सौ प्रतिशत वापसी होगी। दिग्विजय सिंह ने कहा, पिछली बार किसे पता था सिंधिया जी बिक जाएंगे। इस बार हम बिकाऊ नहीं टिकाऊ माल को जिता कर लाएंगे। प्रत्याशियों के चयन में नए- पुराने चेहरों के सवाल पर बोले- उनका काम जनता और कार्यकर्ताओं से संवाद करना है। प्रत्याशी कौन होगा, ये पार्टी तय करेगी। वे अपनी रिपोर्ट पार्टी नेतृत्व को देंगे। 

Digvijay Singh 1

पांच महीने हम भारत जोड़ो यात्रा में रहे, अब फिर घूमने निकल पड़े हैं। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के असर का जिक्र करते हुए दिग्विजय ने कहा- उससे बड़ा फर्क पड़ा है, इसीलिए संघ प्रमुख मोहन भागवत को भी मदरसे जाना पड़ा है।


महंगाई और भ्रष्टाचार बढ़ा
मीडियाकर्मियों से बातचीत में दिग्विजय सिंह ने कहा कि भाजपा की सरकार में महंगाई और भ्रष्टाचार बढ़ा है। दुनिया में 160वें नंबर पर रहा उद्योगपति अब तीसरे नंबर पर है। भाजपा का मॉडल ऐसा है, जिसमें भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिलता है और उनके नेता एवं उनसे जुड़े व्यापारी लाभान्वित होते हैं। 

बढ़ती महंगाई पर सरकार को घेरते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि महंगाई इस कदर बढ़ी है कि नमक से लेकर रसोई गैस तक के दाम बढ़ गए हैं। नार्थ ईस्ट के चुनाव होते ही रसोई गैस के दाम 50 रुपए बढ़ गए, लेकिन जब देश में महंगाई की बात होती है तो हिंदू-मुस्लिम और बेरोजगारी की बात होने पर मंदिर-मस्जिद की बात शुरू हो जाती है।


गोसेवा और रक्षा के नाम पर की जा रही कमाई
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि गोसेवा और रक्षा के नाम पर कमाई की जा रही है। गायों को दुर्दशा का शिकार बनाया जा रहा है। किसानों पर मार पड़ रही है। आदिवासियों के विकास के पैसों से पंडाल सजा कर सभाएं की जा रही हैं। सत्ता हासिल करने के लिए BJP ईडी, आईटी और सीबीआई का सहारा ले रही है। विरोध जताने वालों पर रेड डलवाई जा रही है।


संघ- भाजपा के सबसे बड़े प्रेमी राहुल गांधी और दिग्विजय सिंह 
राहुल गांधी के लंदन में बयान देने पर मचे बवाल पर दिग्विजय सिंह ने कहा कि मोदी भी विदेशों में जाकर भाषण देते हैं कि 70 सालों में कुछ नहीं हुआ। क्या वो देश का अपमान नहीं है, जबकि उन 70 सालों में अटल जी का कार्यकाल भी शामिल है, लेकिन संघ और भाजपा के दो सबसे बड़े प्रेमी राहुल गांधी और दिग्विजय सिंह हैं। सारा अटैक उन पर ही होता है।

 

Digvijay
किसान अपनी उपज व्यापारी को बेचने को मजबूर
दिग्विजय सिंह ने आगे कहा कि मोदी जी किसानों को 6 हजार रुपए सम्मान निधि दे रहे हैं, लेकिन खाद-डीजल और बिजली की बढ़ती कीमत, समर्थन मूल्य और किसानों की अन्य समस्याओं पर ध्यान नहीं है। अब तो देश भर में तमाम किसानों से निधि के पैसे वापस भी लिए जा रहे हैं। इस निधि के एवज में लगातार कृषि संबंधी उत्पादों की कीमतें बढ़ाई जा रही हैं। किसानों के हित का सिर्फ दिखावा किया जा रहा है। ऐसा मॉडल तैयार किया गया है कि किसान अपनी उपज व्यापारी को बेचने को मजबूर हो, ताकि फिर इनके लोगों की कमाई हो। 
 

धर्म के नाम पर किया जा रहा व्यवसाय
पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि भाजपा और संघ धर्म का इस्तेमाल हथियार के रूप में कर रहे हैं। धर्म का दुरुपयोग किया जा रहा है, उसके नाम पर व्यवसाय किया जा रहा है। अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों को परेशान किया जा रहा है। डॉ नरोत्तम मिश्रा पर उन्होंने सवाल उठाया कि जब हनुमान जी की प्रतिमा के सामने महिलाओं का अर्धनग्न डांस होता है तो प्रदेश के गृहमंत्री भी चुप्पी साध लेते हैं। तब भाजपा, विहिप- बजरंग दल कहां गए?.. कहां गया हिंदुत्व?


अब आई लाडली बहना की याद 
सीएम शिवराज सिंह चौहान पर निशाना साधते हुए दिग्गी ने कहा कि अब जब चुनाव के 7 माह रह गए हैं तब उन्हें लाडली बहना की याद आई है। उसके लिए उन्होंने लंबी चौड़ी लिस्ट जारी की है। उन्हें इससे पहले क्यों नहीं बहनों की याद आई? शिवराज सिंह मैहर में देवी दर्शन करने आते हैं तब रोप-वे की टिकट की दर कम रहती है, लेकिन उनके जाते ही उसकी भी कीमतें बढ़ जाती हैं, ऐसा कैसे ?


मैहर को भी बनाया जाना चाहिए था जिला
सतना में हुए कोल जनजाति महाकुम्भ के आयोजन पर दिग्विजय ने कहा कि प्रदेश में एससी-एसटी के विकास-कल्याण के लिए बनाई गई व्यवस्था को भाजपा सरकार ने खत्म कर दिया है। उनके लिए खर्च होने वाली राशि से सभाएं की जा रही हैं। अब तक चार सभाओं में करोड़ों रुपए खर्च कर दिए गए। उन्होंने कहा, सतना-पन्ना में आदिवासियों की जमीनें बिक रही हैं। भाजपाई खरीद रहे हैं और कलेक्टर बिक्री की अनुमति दे रहे हैं।


मीडियाकर्मियों के प्रश्न पर मैहर को जिला बनाए जाने के मुद्दे का समर्थन करते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा, मऊगंज के साथ मैहर को भी जिला बनाया जाना चाहिए था। वहीं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा की प्रतिक्रिया का जवाब देते हुए दिग्विजय ने कहा- वो अपना घर देखें, हम अपना देख लेंगे।