लव जिहाद पर श्री राम सेना प्रमुख का विवादित बयान, कहा एक हिंदू लड़की के बदले दस मुस्लिम लड़कियों को फंसाओ

मुस्लिम लड़कियों को फसाने पर प्रमोद मुथालिक का सुरक्षा और रोजगार देने का वादा
 | 
Pramod

श्री राम सेना के प्रमुख प्रमोद मुथालिक ने लव जिहाद को लेकर विवादित बयान दिया है। उन्होंने कहा कि लव जिहाद के जरिए हिंदू लड़कियों को फंसाया जा रहा है। उन्होंने हिंदू लड़कों से मुस्लिम लड़कियों को लुभाने का आह्वान किया और कहा कि एक हिंदू लड़की के बदले में 10 मुस्लिम लड़कियां फंसाओ। इतना ही नहीं उन्होंने ऐसा करने पर सुरक्षा और रोजगार देने का भी आश्वासन दिया है।              

क्या है श्री राम सेना प्रमुख का बयान 

कर्नाटक के बागलकोट में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में बोलते हुए, मुथालिक ने कहा, “हम स्थिति से अवगत हैं। मैं यहां के युवाओं को आमंत्रित करना चाहता हूं। अगर हमारी एक हिंदू लड़की जाती है, तो हमें 10 मुस्लिम लड़कियों को फंसाना चाहिए। यदि आप ऐसा करते हैं, तो श्री राम सेना आपकी जिम्मेदारी लेगी और हर तरह की सुरक्षा और रोजगार प्रदान करेगी।” प्रमोद मुथालिक के बयान का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। उन्होंने कहा, “मैं नहीं लेकिन हमलोग भी लड़कियों को रिझाने के बारे में जानते हैं। लव जिहाद में हमारी लड़कियों का शोषण होता है। देश भर में हजारों लड़कियों को प्यार के नाम पर ठगा जाता है। हमें उन्हें आगाह चाहिए।”

Pramod          

विवादित बयानों को लेकर चर्चाओं में रहते हैं प्रमोद मुथालिक

बता दें कि प्रमोद मुथालिक अपने विवादित बयानों को लेकर अक्सर चर्चाओं में रहते हैं। पिछले साल उन्होंने कहा था कि अगर किसी ने वीर सावरकर के पोस्टर को छुआ तो उसके हाथ काट दिए जाएंगे। उन्होंने शिवमोगा में वीर सावरकर के पोस्टर लगाने पर हुए हंगामे को लेकर यह बयान दिया था। दरअसल, यहां कुछ लोग सावरकर की जगह टीपू सुल्तान के पोस्टर लगाने की कोशिश कर रहे थे। इसके बाद वहां हंगामा शुरू हो गया।

हाथ काट देने की चेतावनी 

इस पर प्रमोद मुथालिक ने अपने बयान में कहा, “हमने तय किया है कि पूरे राज्य में वीर सावरकर और बाल गंगाधर तिलक के 15 हजार पोस्टर लगाए जाएंगे। सावरकर मुस्लिमों के खिलाफ नहीं लड़े थे। वह स्वतंत्रता सेनानी थे और अंग्रेजों के खिलाफ लड़े थे।” चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा, “अगर मुस्लिम या कांग्रेस में से किसी ने उनके पोस्टर को छुआ तो हाथ काट दिए जाएंगे। यह मेरी चेतावनी है।”